अलीगंज में आवारा गोवंश बना काल, टेंपो से टकराकर बाइक सवार ने गंवाई जान
26 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज (एटा)। अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा वर्मा पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब सड़क पर अचानक आए आवारा गोवंश को बचाने के लिए आगे चल रहे टेंपो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही बाइक टेंपो से जा टकराई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम कुकराया रतनपुर निवासी 45 वर्षीय सुरेश सिंह पुत्र अमर सिंह रविवार दोपहर अपनी बाइक से कायमगंज की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह अलीगंज-कायमगंज रोड स्थित वर्मा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सड़क पर अचानक एक आवारा गोवंश आ गया। उसे बचाने के लिए आगे चल रहे टेंपो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे सुरेश सिंह की बाइक टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी जान नहीं बच सकी।
मृतक अपने पीछे दो बेटों को छोड़ गए हैं। बड़ा बेटा विक्रम (20 वर्ष) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा यश (12 वर्ष) कक्षा 5 का छात्र है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली प्रभारी रूपेश वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश की गंभीर समस्या को उजागर करता है। शासन के निर्देशों के बावजूद प्रमुख सड़कों से आवारा गोवंश हटाने की प्रभावी व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसके चलते आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें वाहन चालक, राहगीर और स्वयं गोवंश भी जान गंवा रहे हैं या घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
Advertisement









