बाहरी व्यापारियों से कारोबार प्रभावित, व्यापार मंडल पहुंचा डीएम के दरबार
24 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज (एटा)। नगर में प्रत्येक मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक मंगल बाजार को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने जिलाधिकारी एटा से हस्तक्षेप की मांग की है। उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल (रजि.) अलीगंज के पदाधिकारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कहा कि मंगल बाजार के कारण नगर के स्थायी व्यापारियों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है।
व्यापार मंडल का कहना है कि नगर के स्थायी व्यापारी वर्षों से अपनी दुकानों का संचालन कर रहे हैं और नियमित रूप से जीएसटी, बिजली बिल, दुकान किराया तथा अन्य सरकारी देयताओं का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद सप्ताह में एक दिन लगने वाले मंगल बाजार में बड़ी संख्या में बाहरी व्यापारी कपड़ा सहित विभिन्न वस्तुओं की दुकानें लगाते हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों की बिक्री प्रभावित होती है।
ज्ञापन में कहा गया कि अस्थायी व्यापारी स्थानीय व्यापारिक दायित्वों के दायरे में नहीं आते, जबकि स्थायी व्यापारी पूरे वर्ष करों और अन्य खर्चों का वहन करते हैं। इससे प्रतिस्पर्धा असंतुलित हो गई है और कई व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा होने लगा है।
व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए उचित एवं स्थायी समाधान लागू करने की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नगर के व्यापार पर इसका और अधिक प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
इस दौरान अनमोल गुप्ता, अमन, नंदिनी, अंश, बादशाह, मुन्नालाल, राजबाला, मोहित गुप्ता, हिमांशु गुप्ता, रमाकांत मिश्रा, अंकुर, धीरेंद्र सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।
Advertisement









