ग्रामीण विकास को मिली रफ्तार, दो संपर्क मार्गों का हुआ शुभारंभ
24 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज (एटा)। विधानसभा क्षेत्र अलीगंज में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। त्वरित आर्थिक विकास योजना (वित्तीय वर्ष 2025-26) के तहत करीब 78 लाख रुपये की लागत से बनने वाले दो संपर्क मार्गों का क्षेत्रीय विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने भूमि पूजन एवं पूजा-अर्चना के साथ शिलान्यास किया।
पहला शिलान्यास जैथरा–कुरावली मार्ग से ग्राम भवकरिया तक 450 मीटर लंबे संपर्क मार्ग का किया गया, जिसकी निर्माण लागत 38.53 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
इसके बाद विधायक ने ग्राम लखनपुरा मार्ग से नगला चौहान तक 450 मीटर लंबे दूसरे संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। इस सड़क का निर्माण 39.47 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, किसानों को कृषि उपज के परिवहन में आसानी होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने की मांग की।
Advertisement









