पत्नी पर शक बना कातिल, लांस नायक ने गला घोंटकर नहर में फेंका शव
24 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा। एटा में सेना के एक फौजी ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मारहरा क्षेत्र के हिम्मतपुर काकामई गांव के निवासी रमाकांत जम्मू-कश्मीर में लांस नायक के पद पर तैनात है। वह छुट्टी लेकर घर आया था और इसी दौरान पत्नी सोनी यादव 33 वर्ष 6 जुलाई को उसने दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद पत्नी को सेना की कैंटीन से सामान खरीदने का बहाना बनाकर कार में साथ ले गया। आरोप है कि रास्ते में अपने एक साथी के साथ मिलकर उसने पत्नी का गला घोंट दिया और शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया।
घटना के बाद आरोपी परिवार को लगातार गुमराह करता रहा और बाद में वापस अपनी यूनिट पहुंचकर ड्यूटी भी जॉइन कर ली। जब पत्नी घर नहीं लौटी तो मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पहले गुमशुदगी और बाद में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अवैध संबंधों के शक में हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान के आधार पर हजारा नहर में शव की तलाश जारी है। नहर फिरोजाबाद तक जाती है, इसलिए आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। फिलहाल शव बरामद नहीं हो सका है। घटना के बाद दोनों बच्चे अपने ननिहाल में रह रहे हैं।
Advertisement









