नीट पेपर लीक पर फूटा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का गुस्सा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
23 Jul 2026

नीट पेपर लीक पर फूटा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का गुस्सा, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बैतूल, 22 जुलाई। नीट पेपर लीक मामले को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गों.ग.पा.) ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि नीट पेपर लीक ने देशभर के लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया है। इस घटना से प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे नीट पेपर लीक विरोधी आंदोलन और छात्र नेता सोनम वांगचुक के समर्थन में भी अपनी एकजुटता व्यक्त की। संगठन का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर सरकार को जवाबदेही तय करते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने उचित कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की भी मांग की। इस अवसर पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष चिंतूलाल उईके, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष आस्था मरावी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पिंकेश धुर्वे, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक कुमरे सहित पार्टी के पदाधिकारी, गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement