राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में रायबरेली में कांग्रेस का प्रदर्शन हाथी पार्क चौराहे पर सरकार के खिलाफ हुई नारेबाजी
22 Jul 2026

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में रायबरेली में कांग्रेस का प्रदर्शन हाथी पार्क चौराहे पर सरकार के खिलाफ हुई नारेबाजी
दिल्ली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार रात करीब 10 बजे रायबरेली शहर के हाथी पार्क चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज तिवारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्र हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की की, जिससे उन्हें चोट आई। इसी घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने रायबरेली में विरोध दर्ज कराया और सरकार की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर रखी गई। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिसके विरोध में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने संसद परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। इसी दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान विपक्षी नेताओं के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे कई नेताओं को चोटें आईं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए केंद्र सरकार की निंदा की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हाथी पार्क चौराहे पर हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विपक्षी नेताओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार जारी रहा तो कांग्रेस आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगी। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ।
Advertisement
Advertisement