दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया, विवाहिता ने की आत्महत्या
21 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज (एटा)। थाना क्षेत्र के ग्राम हत्सारी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 32 वर्षीय विवाहिता फूलवती ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, फूलवती पत्नी मुकेश कुमार ने सुबह करीब 7 बजे घर की दीवार पर लगी खूंटी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। उस समय उनके पति मुकेश कुमार दूसरे मकान में मौजूद थे। घटना की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे तो पत्नी को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची अलीगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल एटा भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रुपेश वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू पारिवारिक बातों को लेकर अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Advertisement









