अलीगंज में रफ्तार का कहर: तेज गति कार ने छीनी युवक की जिंदगी
20 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अलीगंज क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर कोट निवासी 25 वर्षीय नेत्रपाल पुत्र किशन लाल रविवार शाम अपने चाचा के घर से मैनपुरी से वापस लौट रहे थे। उनके पीछे दूसरी बाइक पर उनके भाई भी आ रहे थे। जैसे ही नेत्रपाल भनऊ घाट पुल के पास पहुंचे, तभी अलीगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही लाल रंग की ब्रेजा कार (संख्या UP84 Z 8613) ने उनकी बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शी रहे मृतक के भाइयों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि नेत्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कार चालक शराब के नशे में था और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मैनपुरी भेज दिया। वहीं सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। नेत्रपाल के असमय निधन से उनके बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Advertisement









