डीएम - एसपी ने सावन मास कांवड़ यात्रा व गंगा घाटों पर स्नान एवं शिव मंदिरों में जलाभिषेक आदि को लेकर की बैठक दिये आवश्यक दिशा निर्देश
20 Jul 2026
Reporter -Abhay Kumar Dwivedi
रायबरेली में 20 जुलाई को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका व पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सावन मास/कांवड़ यात्रा, गंगा घाटों पर स्नान, शिव मंदिरों में जलाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सावन मास/कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद में आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रमुख गंगा घाटों एवं शिव मंदिरों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए। भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पब्लिक एड्रेस सिस्टम) का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को निर्देश दिए कि घाटों, मंदिर परिसरों एवं कांवड़ मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, कूड़ादान तथा स्वच्छता संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने एवं खुले अथवा जर्जर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थलों पर चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग एवं आपदा प्रबंधन की टीमें आवश्यक उपकरणों सहित सतर्क रहें तथा गंगा घाटों पर गोताखोरों एवं जल पुलिस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु आवश्यकतानुसार डायवर्जन प्लान लागू करने, पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कावंड़ यात्रा आस्था के साथ उत्साह का आयोजन है। परम्परागत रूप से नृत्य, गीत, संगीत इसका हिस्सा रहे हैं। इसके लिए डीजे, गीत-संगीत आदि की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हो और इसमें केवल धार्मिक गीत व भजन ही बजाए जाएं। ऐसी कोई घटना न हो, जिससे दूसरे धर्म के लोगों की भावनाएं आहत हो। हर पर्व शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रयास किए जाए। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ कठोर कार्यवाही की जाये। धार्मिक परम्परा/आस्था को सम्मान दें, पर्वाे व त्योहारों में कोई नई परंपरा न शुरू हो। अमन चैन के साथ सभी पर्व व त्योहारों को मनाया जाए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 नवीन चन्द्रा, अपर जिलाधिकारी (वि0रा0) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
Advertisement









