कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
18 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी अरविंद सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन ने तहसील अलीगंज क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अलीगंज, सरोठ, पिंजरी, जैथरा से होते हुए कुरावली मार्ग तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान फर्रुखाबाद जनपद के अटेना घाट (कम्पिल) से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों के प्रमुख मार्ग पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क एवं कच्ची पटरी की स्थिति, सुरक्षा प्रबंध और यातायात व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें। साथ ही स्थानीय लोगों का सहयोग लेने और पूरे मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश भी दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इला मारन ने पुलिस अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा नियमित समीक्षा करते रहने के निर्देश भी दिए गए।
Advertisement









