सतवास में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म बेचने वाली दुकान सील
18 Jul 2026

सतवास में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म बेचने वाली दुकान सील
सतवास (देवास)। निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म की बिक्री को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को सतवास में बड़ी कार्रवाई करते हुए कान्हा कलेक्शन नामक दुकान को सील कर दिया। कार्रवाई कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर जिला परियोजना समन्वय अधिकारी अजय मिश्रा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान सतवास तहसीलदार अवधेश कुमार यादव एवं थाना प्रभारी दिलीप पुरी भी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने दुकान के साथ-साथ कुछ निजी स्कूलों का भी निरीक्षण किया। जांच में दुकानदार ने स्वीकार किया कि उसकी दुकान पर 12 निजी स्कूलों की यूनिफॉर्म उपलब्ध है, लेकिन वह इस संबंध में कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका कि उसे इन स्कूलों की यूनिफॉर्म बेचने की अनुमति किस आधार पर प्राप्त है। प्रशासन ने कलेक्टर द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन तथा यूनिफॉर्म बिक्री में एकाधिकार (मोनोपॉली) की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इस दौरान संयुक्त टीम ने निजी स्कूलों में यूनिफॉर्म और पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता एवं बिक्री व्यवस्था की भी जांच की। जिला परियोजना समन्वय अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि पिछले कुछ समय से अभिभावकों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ निजी स्कूल पालकों पर एक ही दुकान से यूनिफॉर्म और किताबें खरीदने का दबाव बना रहे हैं, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
Advertisement
Advertisement