अलीगंज में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर के उड़े परखच्चे, बाल-बाल बचे यात्री
17 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज (एटा)। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर लड़सिया गांव के पास शुक्रवार तड़के करीब 5:30 बजे अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और ट्रॉली लगे ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रैक्टर तीन हिस्सों में टूट गया, जबकि रोडवेज बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। बस चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बस में सवार यात्री और ट्रैक्टर चालक सुरक्षित रहे।
पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर सुर्देश पुत्र तोक सिंह निवासी लड़सिया का है, जिसे नीरज पुत्र रघुवीर सिंह चला रहे थे। नीरज नगला किस्स गांव धान की रोपाई के लिए मजदूर लेने जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस (संख्या UP 78 JT 1571) से ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर हो गई।
दुर्घटना में बस चालक नरेश पाल (40), निवासी डोटली, थाना सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस, घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
हादसे के बाद घटनास्थल के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ट्रैक्टर के तीन हिस्सों में टूटे होने और बस के अगले हिस्से के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में बस चालक को हल्की चोट आई है। ट्रैक्टर चालक और यात्री सुरक्षित हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं एटा डिपो के एआरएम नरेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement









