अयोध्या -: अखिल भारतीय कौरव क्षत्रिय समाज द्वारा निर्मित श्रीराम मंदिर, अयोध्या (पीली कोठी) की 41वीं वर्षगांठ महंत श्री संतु शरण जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। देश के विभिन्न राज्यों से आए समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन एवं विधिवत पूजा-अर्चना में सहभागिता की।
समारोह के दौरान तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य जी महाराज सहित सभी पूज्य संत-महात्माओं का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके उपरांत संत-महात्माओं को श्रद्धापूर्वक भंडारा कराया गया तथा उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री शिवप्रकाश कौरव, उपाध्यक्ष श्री रामनारायण कौरव, कोषाध्यक्ष श्री साजन सिंह कौरव, सचिव श्री दलवीर सिंह कौरव एवं मंदिर समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही अखिल भारतीय कौरव क्षत्रिय समाज के पदाधिकारी, समाजजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सभी ने श्रीराम मंदिर की निरंतर उन्नति, समाज की एकता, अखंडता तथा सनातन धर्म की समृद्धि एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की।
समारोह के अवसर पर वक्ताओं ने समाज की एकता, संगठन एवं धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए युवा पीढ़ी से सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
यह भव्य आयोजन समाज की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा। समारोह ने समाज में एकता, सेवा, समर्पण और सनातन संस्कृति के संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।









