हर बच्चा विद्यालय तक पहुँचे, शिक्षा से कोई न रहे वंचित - जिलाधिकारी
15 Jul 2026

हर बच्चा विद्यालय तक पहुँचे, शिक्षा से कोई न रहे वंचित - जिलाधिकारी
रायबरेली‌ में 15 जुलाई को जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन एवं प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित बेसिक शिक्षा विभाग के ‘‘स्कूल चलो अभियान’’ के अंतर्गत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने नया पुरवा, मलिन बस्ती पहुंचकर बच्चों एवं अभिभावकों से संवाद किया तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं पहल करते हुए 10 बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया, जिसमें से पांच बच्चों का कम्पोजिट विद्यालय चकअहमदपुर व पांच बच्चों का कम्पोजिट विद्यालय सत्यनगर में नामांकन कराया गया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण आधार बनाए जाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने एक बच्ची जिसने किसी कारणवश अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी, उससे मिलकर उसे शिक्षा ग्रहण करने हेतु प्रेरित करते हुए बच्ची का कक्षा-07 में पुनः नामांकन करवाया। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा या बच्ची आर्थिक, सामाजिक अथवा अन्य किसी कारण से शिक्षा से वंचित न रहे, यह प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी शिक्षा में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्याह्न भोजन सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में ऐसे सभी बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालय से जोड़ा जाए, जिन्होंने किसी कारणवश पढ़ाई छोड़ दी है या अभी तक विद्यालय में नामांकित नहीं हैं। साथ ही विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए नामांकन के साथ-साथ नियमित उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement