नेमावर: नर्मदा नवीन ब्रिज पर 24×7 निगरानी, पुलिस ने लगाए नाइट विजन CCTV कैमरे
15 Jul 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
देवास। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से देवास पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में संचालित ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत थाना नेमावर पुलिस द्वारा हरदा-देवास सीमा पर स्थित नर्मदा नदी के नवीन ब्रिज पर 4 अत्याधुनिक नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।
इन कैमरों के माध्यम से ब्रिज पर दिन-रात आने-जाने वाले वाहनों एवं लोगों की 24×7 निगरानी की जाएगी। नाइट विजन तकनीक से लैस ये कैमरे विशेष रूप से रात्रिकालीन गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पहचान करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में पुलिस की मदद करेंगे।
पुलिस के अनुसार, नर्मदा नदी का यह नवीन ब्रिज हरदा और देवास जिले को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन एवं यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में आधुनिक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी और अधिक सुदृढ़ होगी।
देवास पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत जिलेभर में सीसीटीवी नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक की मदद से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
Advertisement









