नगर पालिका बोर्ड की बैठक संपन्न, सभासदों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं
14 Jul 2026

नगर पालिका बोर्ड की बैठक संपन्न, सभासदों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं
अलीगंज। नगर पालिका परिषद अलीगंज के सभागार में सोमवार को बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पालिका प्रतिनिधि, अधिशासी अधिकारी (ईओ) एवं सभी सभासदों ने भाग लिया। इस दौरान वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और सभासदों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं व आवश्यकताओं पर सुझाव लिए गए। बैठक में सभी सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से बोर्ड को अवगत कराया। साथ ही विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए आगामी बजट और प्रस्तावित कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पालिका प्रतिनिधि सुजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि नगर में जिन विकास कार्यों के प्रस्ताव स्वीकृत हैं, उनकी जानकारी सभी सभासदों को दी गई। उन्होंने कहा कि नया बजट जल्द आने वाला है, जिसे लेकर भी चर्चा हुई। सभी सभासदों से उनके वार्डों की समस्याओं की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान कराया जा सके। उन्होंने बताया कि नगर की कई गलियों में सीसी सड़क और नालियों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कई स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या रहती थी, वहां सड़क और नाली निर्माण कर स्थिति में सुधार किया गया है। नगर की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बैठक में ईओ सरल कुमार, अंकुर गुप्ता सहित नगर पालिका परिषद के सभी सभासद उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement