*स्कूल चलो अभियान के तहत बरूआसागर में निकाली गई जागरूकता रैली*
12 Jul 2026
Reporter- Ipshita Chaurasia
बरूआसागर (झांसी)। "स्कूल चलो अभियान" के अंतर्गत बरूआसागर स्थित श्री लक्ष्मी व्यायाम मंदिर द्वारा बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगर में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को विद्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण किया और लोगों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, समस्त स्टाफ एवं विद्यालय के प्रबंधक डॉ. महादेव बाजपेई भी रैली में शामिल रहे।
विद्यालय के प्रबंधक डॉ. महादेव बाजपेई ने कहा कि "शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यही स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य है। सभी अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराकर उन्हें नियमित शिक्षा दिलानी चाहिए, ताकि वे भविष्य में एक जागरूक और सफल नागरिक बन सकें।"
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरक नारे लगाए, जिससे नगरवासियों में भी शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा।
Advertisement









