कोबरा के काटने के बावजूद सर्प मित्र ने पूरा किया रेस्क्यू, हालत स्थिर
11 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम नदराला में शुक्रवार को कोबरा सांप का रेस्क्यू करने पहुंचे सर्प मित्र अजब सिंह को रेस्क्यू के दौरान कोबरा ने डस लिया। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सांप को सुरक्षित डिब्बे में बंद कर लिया। घायल अवस्था में वह स्वयं मोटरसाइकिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचे, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत स्थिर होने पर शनिवार सुबह उन्हें बेहतर इलाज के लिए एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नदराला निवासी जुबेर के निर्माणाधीन मकान में कोबरा सांप दिखाई देने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगला उम्मेद निवासी सर्प मित्र अजब सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और कुछ ही मिनटों में फुफकार रहे कोबरा को सावधानीपूर्वक पकड़ लिया।
रेस्क्यू के दौरान जब वह कोबरा को डिब्बे में बंद कर रहे थे, तभी सांप ने उनके हाथ पर हमला कर दिया। सुरक्षा दस्ताने (ग्लव्स) पहने होने के बावजूद कोबरा के दांत दस्ताने को भेदते हुए उनकी उंगलियों में दो-तीन स्थान पर धंस गए। इसके बावजूद अजब सिंह ने धैर्य नहीं खोया और कोबरा को सुरक्षित डिब्बे में बंद कर लिया।
इसके बाद उन्होंने बिना समय गंवाए स्वयं अपनी मोटरसाइकिल से सीएचसी अलीगंज पहुंचकर उपचार कराया। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया और कई घंटे निगरानी में रखने के बाद उनकी हालत स्थिर बताई। शनिवार सुबह उन्हें बेहतर उपचार के लिए एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सर्प मित्र अजब सिंह ने बताया कि वह अब तक 600 से अधिक सांपों का सफल और सुरक्षित रेस्क्यू कर चुके हैं, लेकिन रेस्क्यू के दौरान कोबरा द्वारा डसे जाने की यह पहली घटना है। उन्होंने कहा कि लोगों को सांप दिखाई देने पर उसे मारने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या सर्प मित्र को सूचना देनी चाहिए, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Advertisement









