शिकायतों के बाद काशीराम कॉलोनी में चला सत्यापन अभियान, अपात्रों के मकान सील
10 Jul 2026

शिकायतों के बाद काशीराम कॉलोनी में चला सत्यापन अभियान, अपात्रों के मकान सील
अलीगंज। सरौठ रोड स्थित काशीराम कॉलोनी में गुरुवार को प्रशासन ने अवैध रूप से रह रहे अपात्र लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता के निर्देशन में नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कॉलोनी के 42 आवासों का सत्यापन किया। जांच में अपात्र पाए गए लोगों के आवासों पर तत्काल ताले जड़ दिए गए। लंबे समय से बंद पड़े मकानों को भी सील किया गया। अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत सरल, नायब तहसीलदार हिमांशु पांडेय, नगर पालिका कर्मी और करीब 10 लेखपालों की टीम ने घर-घर जाकर दस्तावेजों और पात्रता की जांच की। कई परिवारों ने खुद को गरीब बताते हुए रहने की अनुमति देने की गुहार लगाई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि किसी भी वास्तविक जरूरतमंद के साथ अन्याय नहीं होगा। एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जो लोग वास्तविक रूप से बेघर और पात्र हैं, उनसे नगर पालिका के माध्यम से आवेदन लिए जाएंगे और जांच के बाद नियमानुसार आवास अथवा पट्टा आवंटित किया जाएगा। वहीं अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत सरल ने कहा कि जिन लोगों को जांच पर आपत्ति है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर पालिका कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
Advertisement
Advertisement