रायबरेली के नीचे हॉस्पिटल में टाँसिंल के ऑपरेशन के बाद मासूम की बिगड़ी हालत परिजनों ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
06 Jul 2026
Reporter -Abhay Kumar Dwivedi
रायबरेली में शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित शाश्वत नर्सिंग होम में टॉन्सिल के ऑपरेशन के बाद 10 वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर होने का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
दिनांक 6 जुलाई 2026 दिन सोमवार को समय करीब 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे शरद कुमार सिंह, पुत्र सुरेंद्र बहादुर सिंह, निवासी पुरे बोधी सिंह, मजरा अगई, तहसील लालगंज अझारा, जनपद प्रतापगढ़ ने शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि उन्होंने अपनी लगभग 10 वर्षीय पुत्री शिवानी सिंह को टॉन्सिल की समस्या के उपचार के लिए 29 जून 2026 को इंदिरा नगर स्थित शाश्वत नर्सिंग होम में भर्ती कराया था।
शिकायत के अनुसार, अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमित सिंह एवं उनके स्टाफ के तीन सदस्यों ने बच्ची को ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर टॉन्सिल का ऑपरेशन शुरू किया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद बच्ची जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी और उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों का कहना है कि बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसी रात लगभग 9 बजे उसे आनन-फानन में लखनऊ के अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही के कारण बच्ची की जान खतरे में पड़ गई।
पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में अस्पताल के चिकित्सक एवं संबंधित स्टाफ के खिलाफ जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित इलाज और सावधानी बरती जाती तो बच्ची की स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।
फिलहाल जिलाधिकारी कार्यालय ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराए जाने का आश्वासन दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आ सका है।
Advertisement









