जामुन की गुठली से शुरू हुआ विवाद, गांव में फायरिंग से मची दहशत
06 Jul 2026

जामुन की गुठली से शुरू हुआ विवाद, गांव में फायरिंग से मची दहशत
एटा)। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव नगला बनी में जामुन की गुठली को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि जमानत पर छूटने के बाद दूसरे पक्ष ने 10-12 बाहरी युवकों को बाइकों से बुलाकर घर पर हमला कराया। हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ की और कई राउंड फायरिंग कर गांव में दहशत फैला दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव का 14 वर्षीय किशोर जामुन खा रहा था। जामुन की गुठली फेंकने पर वह कथित रूप से श्यामा देवी के ऊपर जा गिरी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। बाद में दोनों महिलाओं के बीच विवाद बढ़ गया, जिसे ग्रामीणों ने शांत करा दिया। तीन जुलाई को दोनों पक्ष थाना राजा का रामपुर पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चालान किया। जमानत पर रिहा होने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने बाहरी युवकों को बुलाकर उनके घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट की, घरेलू सामान में तोड़फोड़ की और कई राउंड फायरिंग कर पूरे गांव में दहशत फैला दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों में दुबक गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर तत्काल कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की और उल्टा उनके ही पक्ष के लोगों को थाने ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक विवाद जामुन की गुठली को लेकर हुआ था। दोनों पक्षों पर पहले शांति भंग की कार्रवाई की गई थी। बाद में घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
Advertisement