लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर शोभायात्रा में सेवा देने वाले समाजसेवियों का हुआ सम्मान
05 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान जलपान, प्रसाद और अल्पाहार वितरण कर सेवा देने वाले समाजसेवियों एवं कार्यकर्ताओं को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर सम्मान समिति ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में सभी सेवाभाव से जुड़े लोगों को माल्यार्पण, पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
किला रोड स्थित गनेशीलाल उत्सव बिहार में आयोजित सम्मान समारोह की अध्यक्षता विधायक पुत्र जितेंद्र कुमार एवं समिति अध्यक्ष बृजकिशोर बघेल ने की। बघेल ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के लोककल्याण, न्याय और संस्कृति संरक्षण के आदर्शों से प्रेरित होकर शोभायात्रा में सेवा करने वाले लोगों का सम्मान करना समिति की परंपरा है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं के लिए रास्ते में ठंडा पानी, शरबत और अल्पाहार की व्यवस्था करना निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे सेवाभावी लोगों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में अरविंद कुमार, किशोरी लाल, अंकित पाल, उपेंद्र पाल, रेनू पाल, रविंद्र पाल, जीतोष, योगराज सिंह, हवलदार सिंह, राकेश कुमार सहित होल्कर समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
Advertisement









