ट्रैक्टर ट्राली और बस के बीच जोरदार टक्कर, एक की मौत, 11 घायल;
05 Jul 2026
बहराइच में एक बस और ट्रैक्टर ट्राली के बीच भारी टक्कर। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 11 लोग घायल हो गए।
Reporter --Sanjay Pandey
बहराइच: जिले के बहराइच-गोंडा हाईवे पर देहात कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बहराइच-चिलवरिया के बीच ट्रैक्टर-ट्राली और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। किसी तरह से घायलों को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच घायलों का अभी भी इलाज चल रहा है, जबकि छह को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
ट्रैक्टर चालक की हुई मौत
जानकारी के मुताबिक गोंडा से बहराइच आ रही रोडवेज बस की चिलवरिया के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस में सवार 11 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से बहराइच मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां सभी का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Advertisement









