दतिया रतनगढ़ माता मंदिर में नवरात्रि एवं दीपावली दौज मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर ने सौंपे दायित्व
04 Jul 2026

दतिया रतनगढ़ माता मंदिर में नवरात्रि एवं दीपावली दौज मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर ने सौंपे दायित्व
रतनगढ़ माता मंदिर में नवरात्रि एवं दीपावली दौज मेले की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर ने सौंपे दायित्व श्रृद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में कोई कमी न रहे - कलेक्टर दतिया 03 जुलाई / रतनगढ़ माता मंदिर में आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्रि महापर्व 10 से 20 अक्टूबर 2026 और दीपावली दौज लख्खी मेला 09 से 11 नवंबर 2026 की तैयारियों को लेकर आज मंदिर परिसर स्थित कार्यालय सभागार में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री स्वप्निल वानखडे़ की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मयूर खण्डेलवाल और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल, एसडीएम श्री अशोक अवस्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री वानखडे़ ने कहा कि रतनगढ़ माता मंदिर प्रदेश के प्रमुख शक्ति पीठों में शामिल है और हर वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु यहां आते हैं। अतः प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहज दर्शन व्यवस्था, स्वच्छता तथा आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तौर पर अपना‑अपना दायित्व पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागवार तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिसमें मंदिर पर आने वाले मार्गों की सीढ़ियों का सुधार कार्य तथा यात्री सदन, सुलभ कॉम्पलेक्स, पार्किंग स्थल, दो नवीन पेयजल टैंकों व पेयजल लाइन तथा पेयजल स्टैंड का निर्माण, टैंकों की सफाई, मेले के दौरान टैंकर व्यवस्था, मुख्य कंट्रोल रूम के पीछे सामुदायिक भवन/धर्मशाला एवं तीन प्रमुख स्वागत द्वार का निर्माण कार्य, मंदिर क्षेत्र व मेला परिसर में नवीन लाइट व्यवस्था, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट, दोनों मंदिरों के बीच के कोरिडोर में छाया शैड तथा श्रद्धालु जन सुविधा केंद्र का निर्माण कार्य शामिल है। बैठक के दौरान सुरक्षा ऑडिट में पाई गई कमियों को तत्काल तय सुरक्षा मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने हेतु लोक निर्माण विभाग और संभागीय विद्युत निरीक्षक ग्वालियर को निर्देशित किया गया। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सेवढ़ा को ग्राम पंचायत खमरौली द्वारा किए गए मंदिर मार्ग निर्माण कार्य में 30 सितंबर 2026 तक गुणवत्ता पूर्वक सुधार कराने के निर्देश दिए। *इसके अतिरिक्त सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सड़क मरम्मत, पुल‑पुलियों का रखरखाव, जलनिकासी, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम, लाउडस्पीकर प्रणाली, अस्थायी शौचालय व स्नान, स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक डायवर्जन और आपदा प्रबंधन दल व गोताखोर जैसी आपात सेवाओं की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य 30 सितंबर 2026 तक पूर्ण करने होंगे; उसके बाद किसी भी प्रकार का निर्माण जारी नहीं रहेगा और निर्माण सामग्री तुरंत हटवाई जाएगी ताकि मार्ग पूर्णतः बाधारहित हों। कलेक्टर ने बैठक में पुनः सभी विभागों से कहा कि वे नियमित स्थल निरीक्षण कर समस्याओं का त्वरित निराकरण करें और प्रत्येक कार्य की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें ताकि श्रद्धालुओं को मेले के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Advertisement
Advertisement