दिल्ली जा रही रोडवेज बस बनी हादसे का शिकार, एटा में कंटेनर ने यात्रियों को रौंदा 5 की मौत 12 घायल
03 Jul 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा बागवाला थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर हुआ।
जानकारी के अनुसार, करीब 40 यात्रियों से भरी रोडवेज बस एटा से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में बस खराब हो गई, जिसके चलते उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। गर्मी के कारण कई यात्री बस से उतरकर बाहर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर आया और बाहर खड़े यात्रियों को रौंदते हुए बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कंटेनर सड़क की दूसरी ओर जा पहुंचा।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कई शव सड़क पर दूर तक बिखर गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जो अपने परिवार की दो बच्चियों के साथ दिल्ली जा रहा था।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि बस खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी, लेकिन उसका कुछ हिस्सा सड़क पर था। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी, जिससे बाहर खड़े यात्री उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि घायलों का बेहतर इलाज कराया जा रहा है और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
Advertisement









