दतिया रतनगढ़ माता मंदिर मार्ग पर ₹11 लाख की सड़क 9 महीने में उखड़ी, गुणवत्ता पर सवाल
30 Jun 2026
Reporter-Vinod Kumar Rajput
रतनगढ़ माता मंदिर मार्ग पर ₹11 लाख की सड़क 9 महीने में उखड़ी, गुणवत्ता पर सवाल
सेवढ़ा। क्षेत्र के प्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर की पहाड़ी वाले मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत खमरोली द्वारा विधायक निधि से लगभग 11 लाख रुपये की लागत से 365 मीटर लंबी सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण के महज 9 महीने बाद ही सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि दोपहिया और चारपहिया वाहन लेकर मंदिर तक पहुंचना जोखिम भरा हो गया है। बरसात के मौसम में सड़क पर फिसलने का खतरा और भी बढ़ गया है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सड़क मानकों के अनुरूप बनाई गई होती तो इतनी कम अवधि में क्षतिग्रस्त नहीं होती। लोगों ने संबंधित इंजीनियर, जनपद पंचायत के अधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। यदि निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क का शीघ्र गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रतनगढ़ माता मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे धार्मिक स्थल तक पहुंचने वाले मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय है और इस पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है।
Advertisement









