निर्माणाधीन मकान में वेल्डिंग कारीगर की संदिग्ध मौत, मुआवजे की मांग पर चक्काजाम
30 Jun 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
निर्माणाधीन मकान में वेल्डिंग कारीगर की संदिग्ध मौत, मुआवजे की मांग पर चक्काजाम
भदोही। चौरी थाना क्षेत्र के भैरवपुर गांव में निर्माणाधीन मकान में वेल्डिंग का कार्य करने गए 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जियनपुर गांव में चौरी–महराजगंज मार्ग पर चक्काजाम कर मुआवजे की मांग की। करीब डेढ़ घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ।
जियनपुर निवासी मनीष गौतम (26) पुत्र भोलानाथ गौतम पेशे से वेल्डिंग कारीगर था। परिजनों के अनुसार, वाराणसी के एक ठेकेदार ने उसे मंगलवार तड़के करीब चार बजे भैरवपुर स्थित निर्माणाधीन मकान में वेल्डिंग कार्य के लिए बुलाया था। सुबह करीब आठ बजे जब अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे तो मनीष जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन उसे पहले ममहर स्थित निजी अस्पताल और फिर भदोही के एक अन्य अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका आरोप था कि हादसे के बाद ठेकेदार मौके से चला गया और परिवार को सूचना तक नहीं दी। इसी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के घर के सामने चौरी–महराजगंज मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर पुलिस के साथ उपजिलाधिकारी औराई श्याम मणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई और नियमानुसार हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे में जाम समाप्त हुआ। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मनीष पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और अविवाहित था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
Advertisement









