पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष होमगार्ड सहित तीन घायल, हालत गंभीर, एसपी सहित जिले के सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे
27 Jun 2026
Reporter -Abhay Kumar Dwivedi
रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक होमगार्ड सहित तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल से एम्स रायबरेली रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में फायरिंग की चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने इसे अफवाह बताया है। घटना जगतपुर और भदोखर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती चौराहे राय का पुरवा की है। पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने एडिशनल एसपी और सीओ के साथ घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी घायल को गोली नहीं लगी है। सभी के शरीर पर मारपीट और धारदार वस्तु से लगी चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच शराब के ठेके को लेकर पुराना विवाद चला आ रहा है। मौके से क्षतिग्रस्त ऑल्टो कार भी बरामद हुई है। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
Advertisement









