अलीगंज में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से एक की मौत, सात झुलसे
26 Jun 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज (एटा)। मोहर्रम के गश्त ताजिया जुलूस के दौरान शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अलीगंज कस्बे में बड़ा हादसा हो गया। पुरानी तहसील चौराहे के पास ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। हादसे में 19 वर्षीय सैफ पुत्र शाकिर निवासी मोहल्ला मेवातियान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गश्त का ताजिया पुरानी तहसील के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान ताजिया एक ओर झुक गया और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली सप्लाई चालू होने के कारण ताजिया उठाए लोग करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सैफ को मृत घोषित कर दिया। घायलों में साहिल (18) पुत्र शहजाद, अली हसन (18) पुत्र मुहम्मद शफीक, आमिर (22) पुत्र अरबाज, खुर्शीद (30) पुत्र रहीश, असरफ (15) पुत्र असगर निवासी चमन नगरिया तथा नसीम (30) पुत्र इरशाद शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और विद्युत विभाग व प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। युवा बसपा नेता जुनैद मियां ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद माहौल शांत हुआ।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जुलूस के दौरान विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे और बिजली आपूर्ति भी बंद नहीं कराई गई, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Advertisement









