गोंडवाना वीरांगना महारानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस पर आयोजित हुआ गरिमामयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम
25 Jun 2026

गोंडवाना वीरांगना महारानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस पर आयोजित हुआ गरिमामयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम
देवास। गोंडवाना वीरांगना महारानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस के अवसर पर श्रम कल्याण केंद्र, बैंक नोट प्रेस परिसर, देवास में गोंड समाज महासभा शहर इकाई द्वारा एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों ने महारानी दुर्गावती के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्र रक्षा में दिए गए बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत वीरांगना महारानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके पश्चात बड़े देव की पूजा-अर्चना, सुमिरन गीत तथा अतिथियों के स्वागत एवं परिचय का कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने महारानी दुर्गावती के जीवन संघर्ष, शौर्य और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के वन विभाग की सेवानिवृत्त सहायक निदेशक- मुख्य अतिथि के रूप श्रीमती कृष्णा कुमरे उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में जिला धार की विशेष लोक अभियोजन अधिकारी श्रीमती संध्या उईके शामिल हुईं। इसके अलावा डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय, महू-इंदौर की अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. गीता परतेती, गोंड समाज कल्याण समिति नेमावर के अध्यक्ष श्री सुरेश ईवने,तथा उज्जैन संभाग गोंड समाज महासभा के उपाध्यक्ष श्री रामबकस मरस्कोले ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे। अंत में सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन गोंड समाज महासभा, शहर इकाई देवास द्वारा किया गया।
Advertisement
Advertisement