राम मंदिर विवाद पर बोले सांसद मुकेश राजपूत, हाईवे और भ्रष्टाचार पर भी रखी बात
23 Jun 2026

राम मंदिर विवाद पर बोले सांसद मुकेश राजपूत, हाईवे और भ्रष्टाचार पर भी रखी बात
अलीगंज (एटा)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अलीगंज में आयोजित कार्यक्रम में फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने राम मंदिर प्रकरण, भ्रष्टाचार, अलीगंज-फर्रुखाबाद-एटा स्टेट हाईवे की स्थिति तथा गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग पर लगे आरोपों को लेकर अपनी बात रखी। मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद ने कहा कि राम मंदिर पर सवाल उठाने वाले लोग राम भक्त नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और मुख्यमंत्री द्वारा गठित एसआईटी जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सांसद ने दावा किया कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार के मामलों में कमी आई है और सरकार पारदर्शिता व सुशासन के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। अलीगंज-फर्रुखाबाद-एटा स्टेट हाईवे की जर्जर स्थिति पर उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक सत्यपाल सिंह राठौर लगातार प्रयासरत हैं और सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हाईवे को बेहतर बनाया जाएगा। गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग पर लगे आरोपों के संबंध में सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आरोप लगना सामान्य बात है और आरोपों को साबित होना भी आवश्यक है। उन्होंने अतुल गर्ग को सम्मानित छवि वाला व्यक्ति बताया। कार्यक्रम में सांसद ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, व्यापार मंडल पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement