अलीगंज में ताजिया जुलूस की तैयारियों का एसएसपी ने लिया जायजा, ड्रोन निगरानी के निर्देश
22 Jun 2026

अलीगंज में ताजिया जुलूस की तैयारियों का एसएसपी ने लिया जायजा, ड्रोन निगरानी के निर्देश
अलीगंज। मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामरन ने सोमवार को अलीगंज नगर क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने जुलूस मार्गों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों की स्थिति का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, तहसीलदार संजय कुमार, बसपा नेता जुनैद मियां तथा विद्युत विभाग के एसडीओ अतुल कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने मोहल्ला मेवतियान, कूँचादायम खां, किलेदारान, पुरानी सब्जी मंडी, गांधी मूर्ति चौराहा, मुख्य बाजार, मोहल्ला राधाकृष्ण और मोहल्ला काजी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर विद्युत तार नीचे लटके मिले, जिस पर एसएसपी ने नाराजगी जताते हुए विद्युत विभाग को तत्काल उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों से पूरे जुलूस मार्ग पर नजर रखी जाएगी। इस दौरान व्यापारी नेता सूर्यकांत गुप्ता ने मुख्य बाजार में होने वाले 'लुका प्रदर्शन' का मुद्दा उठाते हुए प्रशासन से इसे बाजार क्षेत्र से बाहर कराने की मांग की। उनका कहना था कि पूर्व में इस प्रदर्शन के दौरान आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुख्य बाजार को 'लुका प्रदर्शन' से मुक्त क्षेत्र घोषित करने की मांग की। प्रशासन ने व्यापारियों की मांग पर आवश्यक विचार करने का आश्वासन दिया।
Advertisement
Advertisement