खतौनी की त्रुटियों के निस्तारण के लिए गांव-गांव लगेंगे विशेष कैंप, रोस्टर के अनुसार सुनी जाएंगी शिकायतें
22 Jun 2026

खतौनी की त्रुटियों के निस्तारण के लिए गांव-गांव लगेंगे विशेष कैंप, रोस्टर के अनुसार सुनी जाएंगी शिकायतें
अलीगंज। तहसील अलीगंज क्षेत्र के किसानों को राजस्व अभिलेखों में वर्षों से चली आ रही अंश निर्धारण एवं खतौनी संबंधी त्रुटियों से राहत दिलाने के लिए तहसील प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। सोमवार से तहसील क्षेत्र के सभी गांवों में रोस्टर के अनुसार विशेष राजस्व कैंप लगाए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम दिन लगभग 125 गांवों में कैंप आयोजित कर किसानों की खतौनी में दर्ज अंश संबंधी त्रुटियों की जांच एवं निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई। उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने बताया कि कई गांवों में पैतृक संपत्तियों के बंटवारे, विरासत दर्ज होने तथा पूर्व में किए गए अंश निर्धारण के दौरान तकनीकी एवं अभिलेखीय त्रुटियां सामने आई थीं। इन त्रुटियों के कारण किसानों को भूमि क्रय-विक्रय, बैंक ऋण, उत्तराधिकार और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के तहत संबंधित लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक गांवों में पहुंचकर किसानों की शिकायतें सुनेंगे। जिन खातों एवं गाटों में अंश संबंधी त्रुटियां पाई जाएंगी, उनके समर्थन में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। तहसील प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी खतौनी, खाता संख्या एवं गाटा संख्या का मिलान अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिले तो खतौनी, विरासत, बंटवारा अथवा अन्य संबंधित दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर गांव में आयोजित कैंप में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराएं। एसडीएम ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य राजस्व अभिलेखों को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाना है, जिससे भविष्य में भूमि संबंधी विवादों में कमी आए और किसानों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। विशेष रूप से संयुक्त खातों एवं पारिवारिक बंटवारे वाले मामलों में बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस दौरान एसडीएम जगमोहन गुप्ता, तहसीलदार संजय सिंह एवं नायब तहसीलदार सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement