गंगा में डूब रहे दो युवकों को आपदा मित्रों ने बचाया, टली बड़ी दुर्घटना
22 Jun 2026

गंगा में डूब रहे दो युवकों को आपदा मित्रों ने बचाया, टली बड़ी दुर्घटना
गंगा में डूब रहे दो युवकों को आपदा मित्रों ने बचाया, टली बड़ी दुर्घटना भदोही। सीतामढ़ी स्थित महर्षि वाल्मीकि गंगा घाट पर रविवार को स्नान के दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर तैनात आपदा मित्रों की तत्परता से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार प्रयागराज जनपद के जगदीशपुर धोबहा गांव निवासी आकाश चौरसिया अपने साथी विवेक तथा अन्य साथियों के साथ गंगा स्नान के लिए सीतामढ़ी घाट पहुंचे थे। स्नान के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर तैनात आपदा मित्र अरविंद वर्मा, अर्जुन, बलिराम और लवकुश निषाद ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू किया। चारों ने गंगा में छलांग लगाकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए युवकों की पहचान आकाश चौरसिया पुत्र राजेश चौरसिया तथा विवेक के रूप में हुई। पानी से बाहर निकाले जाने के बाद दोनों युवक कुछ समय तक घबराहट की स्थिति में रहे, लेकिन प्राथमिक सहायता मिलने के बाद उनकी हालत सामान्य हो गई। घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली तथा आपदा मित्रों की बहादुरी और तत्परता की सराहना की। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने, निर्धारित क्षेत्र में ही स्नान करने तथा गहरे पानी में न जाने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतामढ़ी घाट पर तैनात आपदा मित्रों की मुस्तैदी से पूर्व में भी कई लोगों की जान बचाई जा चुकी है, जिससे घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं में सुरक्षा की भावना बनी रहती है।
Advertisement
Advertisement