आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
21 Jun 2026

आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
नागदा। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नागदा पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस अधिकारियों ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने की बात कही गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना रहा। मुहर्रम के मद्देनजर शहर में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी तथा प्रमुख जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नागदा की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की परंपरा हमेशा से मिसाल रही है तथा सभी नागरिक मिल-जुलकर मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।
Advertisement
Advertisement