तनाव मुक्त जीवन का आधार है राजयोग:बीके कविता दीदी।
20 Jun 2026
Reporter- Ipshita Chaurasia
बरुआसागर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, बरुआसागर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर के दूसरे दिन का शुभारंभ नगरपालिका स्कूल के प्रांगण में दीप प्रज्वलन के साथ आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नगर के अनेक भाई-बहनों, महिलाओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर राजयोगिनी बीके कविता दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में मन को शांत, शक्तिशाली और सकारात्मक बनाए रखने के लिए राजयोग ध्यान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़कर आंतरिक शक्तियों को जागृत करने का माध्यम है। राजयोग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति चिंता, भय और नकारात्मक विचारों से मुक्त होकर सुख, शांति और आनंद का अनुभव कर सकता है।
इसके पश्चात बीके कविता दीदी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया तथा शारीरिक स्वास्थ्य के लिए विभिन्न योगासन एवं व्यायाम कराए। योगाभ्यास के दौरान पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह से भर गया।
कार्यक्रम में बरुआसागर सेवा केन्द्र प्रभारी बीके उमा दीदी ने सभी को रोचक एवं प्रेरणादायक गतिविधियाँ कराईं, जिनके माध्यम से एकाग्रता, आत्मविश्वास, सहयोग की भावना तथा जीवन में खुश रहने की कला का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित बीके आरती,जिला उपाध्यक्ष अमर सिंह कुशवाहा,गार्गी, एरिना,वेशवनी, विनोद चतुर्वेदी,महेश अग्रवाल,मृदुल तिवारी, कन्हिया लाल,विवेकभाई, सेन,दसरथ प्रसाद,हरनारायण साहू,रमेश प्रसाद,संगीता अग्रवाल,कमला सोनी,अमिता हयारन,सरोज बिरथरे कलावती राय आदि नगर के अनेकानेक भाई बहनों ने भाग लिया
Advertisement









