सड़क किनारे खड़े युवक को बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत
20 Jun 2026

सड़क किनारे खड़े युवक को बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत
सड़क किनारे खड़े युवक को बालू लदे ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था और घर में खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। जानकारी के अनुसार, गिरधरपुर निवासी आयुष उर्फ शुभम पांडेय (19) सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान गोपीगंज की ओर से तेज रफ्तार में बालू लादकर आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उसे रौंदता हुआ निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को संभालने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता योगेश पांडेय और माता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जाता है कि शुभम तीन बहनों में इकलौता भाई था। परिवार में हाल ही में शादी का कार्यक्रम था और वह शुक्रवार रात बारात में शामिल होकर सुबह घर लौटा था। परिजनों ने उसे सब्जी लाने के लिए भेजा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर से भेज दिया गया। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।
Advertisement
Advertisement