एटा: तेज रफ्तार कार ने ली ऑटो चालक की जान, परिवार में मचा कोहराम
19 Jun 2026

एटा: तेज रफ्तार कार ने ली ऑटो चालक की जान, परिवार में मचा कोहराम
अलीगंज (एटा)। थाना अलीगंज क्षेत्र के सराय अड्डा पर शुक्रवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ऑटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वैगनआर कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जगवीर सिंह (32) पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी गांव बिठारा, थाना अलीगंज के रूप में हुई है। वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रत्यक्षदर्शी भोला के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे जगवीर सिंह सराय अड्डा के पास सड़क पार कर रहे थे। तभी सराय की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक वैगनआर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह करीब 200 मीटर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक गांधी चौराहा की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच रामपुरा निवासी ऑटो चालक नरोत्तम घायल को अपने ऑटो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बाद एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिसके चलते घायल को निजी वाहन से फर्रुखाबाद ले जाया गया। हालांकि रास्ते में ही जगवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि हादसे के बाद उन्होंने स्वयं घायल को अस्पताल पहुंचाया था, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
Advertisement