अलीगंज में मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, 23 से 26 जून तक रहेंगे कार्यक्रम
19 Jun 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार शाम कोतवाली अलीगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम जगमोहन गुप्ता एवं सीओ राजेश सिंह ने की। इसमें कस्बे के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, निर्बाध बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीएम ने बताया कि 23 जून से 26 जून तक मोहर्रम के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विद्युत विभाग को पर्व के दौरान अनावश्यक बिजली कटौती न करने तथा नगर पालिका प्रशासन को जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, जलभराव और गंदगी की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुसार 11 फीट से अधिक ऊंचाई के ताजिए नहीं निकाले जाएंगे।
बैठक के उपरांत एसडीएम जगमोहन गुप्ता और सीओ राजेश सिंह ने अधिकारियों के साथ कस्बे के मेवतियान मोहल्ला, मोहल्ला काजी और कुंचा दायम खां सहित संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन और पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में कस्बा इंचार्ज मनीष बालियान, बसपा नेता जुनैद मियां, अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत सरल, जेई अतर सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Advertisement









