नागदा में पारंपरिक चौकी चल समारोह के साथ मोहर्रम का आगाज़
16 Jun 2026
Reporter--Mohammad Arif
नागदा से आसिफ रहनी की रिपोर्ट
नागदा जंक्शन। नगर में मोहर्रम माह की चांद रात को परंपरा और अकीदत के साथ चौकी का भव्य चल समारोह निकाला गया। इस अवसर पर नगर की विभिन्न मोहर्रम कमेटियों के तत्वावधान में चौकियों को सजाकर जुलूस के रूप में निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने हिस्सा लिया।
चल समारोह का शुभारंभ नगर के प्रसिद्ध बड़े साहब इमामबाड़े से हुआ, जहां से चौकियां जवाहर मार्ग सहित प्रमुख मार्गों से होकर निकाली गईं। जुलूस के दौरान या हुसैन, या अली की सदाओं से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने अनुशासन और सौहार्द के साथ जुलूस में भाग लिया तथा हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) और कर्बला के शहीदों की याद में अपनी अकीदत पेश की।
चौकी चल समारोह नगर के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए चेतनपुरा कब्रिस्तान पहुंचा, जहां पारंपरिक रूप से चौकी धुलाई की रस्म अदा की गई। इस रस्म के साथ ही नगर में मोहर्रम के दस दिवसीय कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत हो गई। चौकी धुलाई के दौरान मोहर्रम कमेटियों के पदाधिकारी, बुजुर्ग, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मोहर्रम कमेटियों के सदस्यों ने बताया कि यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और हर वर्ष चांद रात को चौकी चल समारोह निकालकर मोहर्रम का स्वागत किया जाता है। इसके बाद आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, मजलिसें, ताजियों की तैयारियां और शहादत-ए-इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में आयोजित होने वाले कार्यक्रम संपन्न होंगे।
चल समारोह के दौरान नगर में भाईचारे, आपसी सौहार्द और धार्मिक आस्था का सुंदर संगम देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। मोहर्रम कमेटियों ने जुलूस को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी समाजजनों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त किया।
Advertisement









