पत्नी से मारपीट के मामले में सुनवाई न होने पर किसान ने उठाया आत्मघाती कदम
16 Jun 2026

पत्नी से मारपीट के मामले में सुनवाई न होने पर किसान ने उठाया आत्मघाती कदम
एटा, संवाददाता। थाना जैथरा क्षेत्र के गांव खेतपुरा निवासी 50 वर्षीय किसान रामरहीश ने कथित रूप से पुलिस द्वारा शिकायत पर कार्रवाई न किए जाने से आहत होकर बिजनौर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों के अनुसार, चार दिन पूर्व खेत की मेड़ को लेकर गांव के ही बुद्धपाल और मचल सिंह से विवाद हो गया था। आरोप है कि दोनों ने रामरहीश की पत्नी के साथ मारपीट की। इसकी शिकायत थाना जैथरा पुलिस से की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का कहना है कि इसी बात से रामरहीश मानसिक तनाव में थे। बताया गया है कि रामरहीश बिजनौर में एक शराब की दुकान पर कार्यरत थे। शनिवार रात उन्होंने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया। मंगलवार को शव एटा लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उनकी शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती तो रामरहीश को यह कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का पक्ष: पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
Advertisement