जबलपुर में संपन्न हुआ गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन का 9वां राष्ट्रीय अधिवेशन, निखलेश शाह उइके बने मध्य प्रदेश अध्यक्ष
15 Jun 2026
रिपोर्टर-- रवि कुमरे
जबलपुर। गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन (GSU) का तीन दिवसीय 9वां राष्ट्रीय अधिवेशन 12, 13 एवं 14 जून 2026 को जबलपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन में मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, संगठन पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समाजजनों ने सहभागिता की।
अधिवेशन के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, गोंडी भाषा, संस्कृति संरक्षण एवं छात्र हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने युवाओं को समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
तीन दिनों तक चले इस राष्ट्रीय अधिवेशन में संगठन विस्तार, छात्र नेतृत्व निर्माण तथा सामाजिक जागरूकता से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों ने छात्र हितों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने एवं संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
अधिवेशन की सफलता पर संगठन पदाधिकारियों ने देशभर से पहुंचे सभी छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी साथियों के सहयोग, समर्पण, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता के कारण यह अधिवेशन ऐतिहासिक एवं सफल रहा।
अधिवेशन के समापन अवसर पर "शिक्षित बनो – संगठित बनो – संघर्ष करो" का संदेश दिया गया। इसी अवसर पर गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन की राष्ट्रीय अध्यक्ष निशा वैशाली धुर्वे के निर्देश एवं सभी जिला अध्यक्षों की सर्वसम्मति से मिथलेश शाह उइके को गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन का मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
संगठन ने विश्वास जताया कि नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा छात्र एवं समाज हितों के लिए प्रभावी कार्य करेगा।
Advertisement









