आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर अपर जिलाधिकारी का जोर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
12 Jun 2026

आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर अपर जिलाधिकारी का जोर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर अपर जिलाधिकारी का जोर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को जारी किया गया कारण बताओ नोटिस, डिफाल्टर प्रकरणों पर मांगा स्पष्टीकरण* आईजीआरएस के प्रकरणों को अधिकारी स्वतः संज्ञान लेकर नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्तायुक्त निस्तारण करें- अपर जिलाधिकारी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही/शिथिलता नही की जायेगी बर्दाश्त अपर जिलाधिकारी* 12 जून शुक्रवार भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बैठक में अनुपस्थित रहने वाले जिला पंचायत अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी ने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा गलत आख्या स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी प्रकरण में तथ्य छिपाने या गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को आईजीआरएस से संबंधित नवीनतम शासनादेशों का गंभीरतापूर्वक अध्ययन कर उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं संज्ञान लेकर आईजीआरएस प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तायुक्त एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि जहाँ निरीक्षण करने जाए तो फोटो व दो गवाहों का सिग्नेचर भी कराए निस्तारण के समय। शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान किया जाए, जिससे उन्हें संतुष्टि प्राप्त हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन ग्रामों पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए, जहां शिकायतों की संख्या अधिक है अथवा असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में पोर्टल पर असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त नहीं होना चाहिए। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि कोई भी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में न जाने पाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन पर भी विशेष बल दिया। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने ईडीएम आशुतोष श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि जिन विभागों में आईजीआरएस पोर्टल पर डिफाल्टर प्रकरण पाए गए हैं, उनसे तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय नारायण सिंह, परियोजना अधिकारी आदित्य कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पाण्डेय, एआरटीओ राम सिंह वर्मा, समस्त तहसीलदार एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement