AIMIM ने मध्यप्रदेश में संगठन विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी, असलम खान बने 8 जिलों के संगठन प्रभारी
11 Jun 2026
Reporter--Mohammad Arif
नागदा। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने मध्यप्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इंदौर के सक्रिय नेता असलम खान को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संगठन प्रभारी नियुक्त करते हुए प्रदेश के 8 महत्वपूर्ण जिलों में संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को जोड़ने का दायित्व सौंपा है।
असलम खान अब इंदौर, देवास, धार, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच और आगर मालवा जिलों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा जनसंपर्क अभियान को गति देने का कार्य करेंगे। उनकी नियुक्ति को पार्टी के लिए संगठनात्मक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
नियुक्ति के बाद असलम खान ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे तथा पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने AIMIM के वरिष्ठ नेताओं मिन्हाजुद्दीन साहब, मोहसिन अली साहब प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनौतियों को स्वीकार करना उनकी आदत बन चुकी है और वे हर परिस्थिति में पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यरत रहेंगे।
असलम खान ने प्रदेश के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने हक, इंसाफ और जनहित के मुद्दों की आवाज को मजबूत बनाने के लिए AIMIM से जुड़ें और संगठन को मजबूत करें।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मालवा क्षेत्र के इन 8 जिलों में असलम खान की नियुक्ति से AIMIM को संगठनात्मक मजबूती मिलेगी और पार्टी का जनाधार बढ़ाने में सहायता मिलेगी। नागदा सहित पूरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
"अपने काम की रफ्तार इतनी तेज रखो कि विरोधियों को आपको रोकने का मौका ही न मिले" — इसी संदेश के साथ असलम खान ने नई जिम्मेदारी संभालते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प लिया है।
Advertisement









