22 जुलाई तक मांग पूरी नहीं हुई तो 24 जुलाई को लखनऊ में होगा बड़ा आंदोलन: शंकराचार्य
10 Jun 2026

22 जुलाई तक मांग पूरी नहीं हुई तो 24 जुलाई को लखनऊ में होगा बड़ा आंदोलन: शंकराचार्य
अलीगंज, एटा। गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर निकाली जा रही गौ रक्षा धर्मयुद्ध यात्रा बुधवार को अलीगंज विधानसभा क्षेत्र पहुंची। इस दौरान ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि यदि 22 जुलाई तक गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा नहीं दिया गया तो 24 जुलाई को लखनऊ के मान्यवर कांशीराम मैदान में आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की जाएगी। अलीगंज पहुंचने पर शंकराचार्य का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। एटा रोड स्थित चौधरी मुख्तियार सिंह स्कूल के निकट आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गौरव यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में शंकराचार्य ने बताया कि गौ रक्षा धर्मयुद्ध यात्रा 3 मई को गोरखपुर से शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों और 403 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा अब तक लगभग 200 विधानसभा क्षेत्रों से गुजर चुकी है तथा 22 जुलाई को गोरखपुर में इसका समापन होगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदुत्व के नाम पर सत्ता में आए लोग गौ माता के मुद्दे पर मौन हैं। गौ संरक्षण की बात करने वाले नेताओं को गौवंश की वास्तविक समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। अयोध्या से जुड़े सवाल पर शंकराचार्य ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन और न्यायिक लड़ाई में शंकराचार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, लेकिन मंदिर निर्माण के लिए गठित ट्रस्ट में किसी भी शंकराचार्य को शामिल नहीं किया गया। उन्होंने भूमि खरीद-फरोख्त के मामलों में पारदर्शिता की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने दावा किया कि इस यात्रा को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी सहित कई दलों का समर्थन मिल रहा है। साथ ही कुछ मुस्लिम समाज के लोगों ने भी गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग का समर्थन किया है। कार्यक्रम के बाद ब्लॉक प्रमुख रामकिशोर यादव के कार्यालय पहुंचे और बाद में समाजवादी नेता मुकेश यादव उर्फ मुक्का के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर गौरव यादव, रिंकू यादव, आयुष्मान यादव, योगेश यादव, मनी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement