हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में संपन्न हुआ धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव
10 Jun 2026

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में संपन्न हुआ धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव
रायबरेली के सरेनी विधानसभा में आदिशक्ति मां संकटाधाम गंगासो में मंगलवार को आयोजित विशाल धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां संकटामाता के दर्शन-पूजन किए तथा आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरकांड पाठ से हुआ,जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।इसके बाद गंगा आरती का भव्य आयोजन किया गया,जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक भाव से सराबोर कर दिया।सायंकाल संकटामाता मंदिर में विशेष आरती संपन्न हुई,जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और भक्तों ने हिस्सा लिया।रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया,जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।इस अवसर पर सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया,जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख सरेनी शैलेन्द्र अग्निहोत्री रहे।श्री अग्निहोत्री ने कहा कि मां संकटामाता की यह पावन धरती केवल आस्था का केंद्र ही नहीं,बल्कि हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत की जीवंत पहचान है।ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे,प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।उन्होंने कहा कि आज के दौर में अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।सुंदरकांड पाठ,गंगा आरती और भजन-कीर्तन जैसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं होते,बल्कि समाज को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम भी बनते हैं।शैलेन्द्र अग्निहोत्री ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इतने भव्य और सुव्यवस्थित कार्यक्रम का आयोजन करना निश्चित रूप से सराहनीय कार्य है।मां संकटामाता की कृपा से क्षेत्र में सुख,शांति और समृद्धि बनी रहे तथा सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों।उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान किया और कहा कि धर्म का वास्तविक स्वरूप मानव सेवा,परोपकार और जरूरतमंदों की सहायता में निहित है।अंत में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए मां संकटामाता से जनपद एवं प्रदेश के विकास,खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले पं. कुलदीप मिश्रा (सोनू मिश्रा) ने सभी श्रद्धालुओं,अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।पूरे दिन चले इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही और विशाल भंडारा देर रात तक चलता रहा।कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।इस मौके पर पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह,रविंद्र सिंह,दीपेंद्र गुप्ता,राजेश सिंह,राजेश श्रीवास्तव,बब्बी शुक्ला,राकेश द्विवेदी,शानू बाजपेई,आदित्य मिश्रा,सुरेश तिवारी,अनूप कुमार,अशोक कुमार आदि गणमान्य उपस्थित रहे।
Advertisement
Advertisement