भदोही में दर्दनाक घटना, कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला साइकिल दुकानदार का शव, परिवार में मचा कोहराम
07 Jun 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
भदोही में दर्दनाक घटना, कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला साइकिल दुकानदार का शव, परिवार में मचा कोहराम
07 जून रविवार
भदोही /औराई/महराजगंज । थाना क्षेत्र के महाराजगंज हुसैनीपुर गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक 46 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान कृष्ण कुमार पांडे उर्फ कुमार (46 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय शिवनाथ पांडे निवासी महाराजगंज हुसैनीपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार कृष्ण कुमार शनिवार देर रात करीब 11 बजे घर पहुंचे थे और अपने कमरे में जाकर सो गए थे।
रविवार सुबह उनकी साइकिल की दुकान पर एक ग्राहक आया। इस दौरान छोटे भाई ने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण दरवाजा नहीं खुला। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तत्काल डायल-112 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कृष्ण कुमार पांडे का शव कमरे में लगे पंखे से रुमाल के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। डायल-112 की सूचना पर औराई पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
महाराजगंज चौकी प्रभारी श्यामजी यादव ने पुलिस बल के साथ शव को कब्जे में लिया। सूचना मिलते ही औराई कोतवाल राजेश सिंह तथा क्षेत्राधिकारी राजीव सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।
बताया जाता है कि कृष्ण कुमार पांडे पांच बहनों और तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी का लगभग 20 वर्ष पूर्व बीमारी के चलते निधन हो गया था। परिवार में एक पुत्र इंद्रजीत और एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है। पुत्र दिल्ली में रहता है और संयोगवश घटना से एक दिन पहले ही घर आया था।
घटना की खबर मिलते ही रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। वृद्ध मां मनी देवी, भाई अजीत पांडे, प्रदीप पांडे सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कृष्ण कुमार पांडे गांव में साइकिल की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Advertisement









