भदोही से स्थानांतरित तीन पुलिस उपाधीक्षकों को दी गई विदाई, अधिकारियों-कर्मचारियों ने सराहा कार्यकाल
06 Jun 2026
रिपोर्टर--मुकेश कुमार यादव
भदोही से स्थानांतरित तीन पुलिस उपाधीक्षकों को दी गई विदाई, अधिकारियों-कर्मचारियों ने सराहा कार्यकाल
भदोही। जनपद भदोही में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले तीन पुलिस उपाधीक्षकों के स्थानांतरण पर शनिवार को ज्ञानपुर स्थित पुलिस लाइन सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्थानांतरित अधिकारियों में क्षेत्राधिकारी भदोही अशोक कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर प्रभात राय तथा पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय विश्वज्योति राय शामिल हैं। वक्ताओं ने कहा कि इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने स्थानांतरित अधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्थानांतरण शासकीय सेवा का सामान्य हिस्सा है, लेकिन इन अधिकारियों ने अपने कार्य और व्यवहार से विभाग में विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जहां भी उनकी नई तैनाती होगी, वहां भी वे अपनी सेवाओं से सकारात्मक योगदान देंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी स्थानांतरित अधिकारियों के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए और उनके कार्यों की प्रशंसा की। वहीं, विदाई प्राप्त कर रहे अधिकारियों ने भदोही की जनता, मीडिया और पुलिस विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा पुलिस कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
Advertisement









