कन्नौद सिविल अस्पताल में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
06 Jun 2026

कन्नौद सिविल अस्पताल में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का लोकार्पण, ग्रामीणों को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
कन्नौद। शासकीय सिविल अस्पताल कन्नौद परिसर में नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) भवन का लोकार्पण विधायक आशीष शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष गायत्री जाट एवं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष माया पटेल द्वारा फीता काटकर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि नई ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी तथा रोगों की रोकथाम, जांच और नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बीएमओ डॉ. लोकेश मीणा ने बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस यूनिट के शुरू होने से कन्नौद ब्लॉक के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यूनिट में लैब परीक्षण, महामारी नियंत्रण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे प्रदान की जाएंगी, जिससे लोगों को समय पर स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। लोकार्पण समारोह के बाद अस्पताल परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष हुकुम जाट, नप अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष जाट, जनपद सदस्य रामनिवास भाकर, श्रीप्रसाद परमार, नरसिंह धूत, पार्षद प्रतिनिधि संजय शर्मा, राजेश चौहान, दिलीप यादव, राधेश्याम खत्री, डॉ. मोहन कोठारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगर अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने किया। नई स्वास्थ्य इकाई के शुभारंभ से क्षेत्र के ग्रामीणों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद जगी है।
Advertisement
Advertisement