नागदा की ऐतिहासिक पानी की टंकी का हुआ सुरक्षित ध्वस्तीकरण
06 Jun 2026

नागदा की ऐतिहासिक पानी की टंकी का हुआ सुरक्षित ध्वस्तीकरण
नागदा। शहर के मिर्ची बाजार क्षेत्र में स्थित लगभग 54 वर्ष पुरानी पानी की टंकी को शनिवार को तकनीकी तरीके से सुरक्षित रूप से ध्वस्त कर दिया गया। इस टंकी की बुनियाद वर्ष 1972 में रखी गई थी और दशकों तक इस क्षेत्र के हजारों लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। पिछले लगभग पांच वर्षों से यह टंकी क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद पड़ी थी। सुरक्षा की दृष्टि से इसे हटाने का निर्णय लिया गया था। शनिवार को गुजरात से आए विशेषज्ञ ठेकेदारों और कारीगरों की टीम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए टंकी को सफलतापूर्वक गिराया। पूरे कार्य के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं हुई। इस कार्य को देखने के लिए क्षेत्र के नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। नगर पालिका का अमला सुबह से ही मौके पर तैनात रहा और पूरे अभियान की निगरानी करता रहा। कार्य के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री ओ.पी. गेहलोत, नगर पालिका उपाध्यक्ष, वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद रेखा राजकुमार राठौर, वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रमोद चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। नगरवासियों ने सुरक्षित और सफल ध्वस्तीकरण के लिए ठेकेदारों, कारीगरों तथा नगर पालिका प्रशासन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। वर्षों तक शहर की सेवा करने वाली इस ऐतिहासिक पानी की टंकी के हटने के साथ ही नागदा के विकास और आधुनिक जल संरचना के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।
Advertisement
Advertisement